निसार अहमद/बहादुरगंज
किशनगंज जिले के बहादुरगंज स्थित पीर अली हुसैन चौक पर अवस्थित अशरफी जामा मस्जिद में शुक्रवार को रमजान के अंतिम जुम्मे यानी अलविदा जुम्मा की नमाज़ अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। इस मौके पर दूर-दराज़ इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अशरफी जामा मस्जिद पहुंचे और सामूहिक रूप से नमाज़ अदा की।
नमाज़ के बाद मस्जिद के इमाम मुस्तफा रशीदी साहब ने लोगों को नेक राह पर चलने की नसीहत दी और देश में अमन-चैन तथा तरक्की के लिए दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि किशनगंज जिला हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए जाना जाता है, इसलिए सभी लोगों को इस परंपरा को बरकरार रखना चाहिए। साथ ही उन्होंने हिंदुस्तान की सलामती और तरक्की के लिए भी विशेष दुआ की।
अलविदा जुम्मा के मौके पर हजारों की संख्या में नमाजियों ने मस्जिद में नमाज़ अदा की। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहादुरगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार के नेतृत्व में सभी मस्जिदों के आसपास पुलिस की पुख्ता व्यवस्था की गई, ताकि नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर अशरफी जामा मस्जिद के नौजवानों ने भी नमाजियों की सेवा में अहम भूमिका निभाई। नमाज़ियों के लिए जानेमाज़ और वुजू के पानी समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। इस कार्य में महताब अंसारी, साकिब अंसारी, फहीम अख्तर, दिलशाद आलम, महफूज आलम, गोल्डन, एहसान दानिश और मेहंदी हुसैन सहित कई युवाओं ने मिलकर सहयोग किया और नमाजियों का पूरा ख्याल रखा।
अलविदा जुम्मा की नमाज़ शांतिपूर्ण और धार्मिक माहौल में संपन्न हुई, जहां लोगों ने मुल्क में शांति, भाईचारा और खुशहाली की दुआ मांगी।



























