अररिया में अंतरराज्यीय नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,डेढ़ किलो स्मैक के साथ एक गिरफ्तार,बंगाल का तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

अररिया/अरुण कुमार


जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अररिया आरएस थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ किलोग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस दौरान उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल हो गया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार मुरबल्ला नहर चौक के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में कार से डेढ़ किलोग्राम स्मैक बरामद हुआ। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कार में सवार दो लोगों में से एक व्यक्ति भागने में सफल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी आबिदुर्र मोमिन के रूप में की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि स्मैक की यह खेप मालदा से अररिया के रास्ते फारबिसगंज पहुंचाई जानी थी। पुलिस का मानना है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय नशा तस्करी का संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस पूरे मामले में तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

फिलहाल पुलिस ने बरामद स्मैक और वाहन को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई