राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के किशनगंज आगमन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित,जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दिए जरूरी निर्देश

SHARE:

किशनगंज/प्रतिनिधि

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के किशनगंज परिभ्रमण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार संध्या समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पुलिस एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी निर्धारित समय के भीतर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा संबंधित प्रभारी पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक वीआईपी कार्यक्रम है, अतः प्रोटोकॉल के पालन में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कार्केट मूवमेंट की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्केट मूवमेंट को सुगम एवं व्यवस्थित रखा जाए तथा बाहरी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कार्केट मूवमेंट एवं क्रिटिकल प्वाइंट्स पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए वहां पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से आज रात्रि में जिले के हॉस्टल, होटल एवं अन्य संवेदनशील स्थलों की सघन जांच की जाएगी। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था एवं क्यूआरटी (QRT) टीम को पूर्णतः अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी कर्मी समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष चौकसी बरती जाएगी।

बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, एडीएम (आपदा प्रबंधन), जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी -सह – जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे एवं अन्य पदाधिकारी कर्मी वीसी के माध्यम से जुड़े थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई