टेढ़ागाछ में शांति पूर्ण माहौल में पैक्स चुनाव संपन्न

SHARE:

संवाददाता: विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड (पैक्स) टेढ़ागाछ की प्रबंधकारिणी समिति के चुनाव को लेकर लोकतांत्रिक माहौल देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया सुबह 7:00 बजे शुरू हुई, जो संध्या 4:30 बजे तक चलेगी। डाकपोखर एवं झाला पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए मतदाता पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।डाकपोखर पंचायत के लिए मध्य विद्यालय बेणुगढ़ तथा झाला पंचायत के लिए कन्या उच्च विद्यालय में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

दोनों ही केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखी गईं। ग्रामीण मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पैक्स चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

सभी मतदान केंद्रों पर प्रशासन मुस्तैद है और मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

बीडीओ अजय कुमार ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदान का विशेष महत्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष समय में भी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी और अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई