विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड (पैक्स) टेढ़ागाछ की प्रबंधकारिणी समिति के चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गईं। इस क्रम में प्रखंड मुख्यालय परिसर में मतदान कर्मियों को मतदान से संबंधित सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। सामग्री वितरण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे तथा चुनाव प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पैक्स चुनाव के तहत 6 फरवरी को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना की प्रक्रिया भी संपन्न कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क एवं तैयार है।
निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।श्री अजय कुमार ने बताया कि इस बार पैक्स अध्यक्ष पद के लिए दो पंचायतों में चुनाव होना है। इनमें झाला पंचायत एवं डाकपोखर पंचायत शामिल हैं। दोनों पंचायतों में चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।चुनाव के सफल संचालन के लिए कुल आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक मतदान सामग्री, बैलेट बॉक्स, मतदाता सूची, सील, रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक कागजात उपलब्ध करा दिए गए हैं। साथ ही मतदान कर्मियों को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।प्रशासन ने मतदान कर्मियों को समय पर मतदान केंद्रों पर पहुंचने, निष्पक्षता बनाए रखने और चुनाव आयोग के दिशा- निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। पैक्स चुनाव को लेकर किसानों और स्थानीय लोगों में भी रुचि देखी जा रही है, क्योंकि पैक्स का सीधा संबंध किसानों को मिलने वाली सुविधाओं, ऋण वितरण और कृषि विकास से जुड़ा होता है। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए होने वाला यह चुनाव क्षेत्र के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि “प्रशासन द्वारा पैक्स चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 6 फरवरी को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान और उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। सभी मतदान कर्मियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।



























