किशनगंज:किशोर के हत्या मामले की जांच तेज,साक्ष्य किया गया एकत्रित

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत हवाकोल पंचायत के गोढिया हाट वार्ड संख्या–2 से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 12 वर्षीय किशोर किशन कुमार ऋषिदेव का शव मंगलवार को संदिग्ध अवस्था में बरामद होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक किशन कुमार ऋषिदेव, पिता पंचानंद ऋषिदेव, अपने नाना के घर गोढिया हाट के समीप गांव में रह रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।बुधवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर सीडीपीओ वन गौतम कुमार पहुंचे। उनके साथ इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम, सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार, सब इंस्पेक्टर विकास कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

एसडीपीओ गौतम कुमार ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मृतक की मां सोमिन देवी से गहन पूछताछ की। इसके अलावा ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी ली गई।मृतक की मां सोमिन देवी घटनास्थल पर रोते-बिलखते पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाती रहीं। उन्होंने कहा कि “जिसने मेरे बच्चे की हत्या कर शव फेंका है, उसे जल्द से जल्द हिरासत में लिया जाए।” उन्होंने बताया कि किशन परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और पिता के बाहर कमाने जाने के दौरान वही घर की जिम्मेदारी संभालता था।

सोमवार को किशन ₹200 कमा कर घर लौटा था, जिसमें से ₹150 घर पर देकर ₹50 अपने खर्च के लिए रखने की बात कही थी। उसी दिन वह खेलने के लिए घर से निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।परिजनों ने किशन की काफी खोजबीन की। उत्तर वाहिनी मेला समेत आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन कहीं भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः मंगलवार को घर से लगभग 1000 मीटर दूर आंगनबाड़ी केंद्र के पास, मालटोली गांव के समीप किशन का शव बरामद किया गया। एसडीपीओ गौतम कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए वे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे थे।

प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट प्रतीत हो रहा है कि किशोर की हत्या की गई है। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम पहुंच चुकी है और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई