KishanganjNews:आग लगने से दो परिवारों का घर जलकर राख,लाखो का नुकसान

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत कालपीर पंचायत के पिपरा गांव वार्ड संख्या–2 में बुधवार को भीषण आगलगी की घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि खाना बनाने के दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के समय घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफलता पाई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दो परिवारों की वर्षों की जमा पूंजी पलभर में जलकर खाक हो गई।


आगलगी की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग टेढ़ागाछ को इसकी जानकारी दी। सूचना पर अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इस दौरान गांव के लोगों ने भी साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया। संयोगवश घटना स्थल के पास ही पंपसेट चल रहे थे, जिनकी मदद से पानी की व्यवस्था की गई।

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।हालांकि जब तक आग पूरी तरह नियंत्रित होती, तब तक करीम आलम एवं सागर आलम का घर पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो चुका था। आग की चपेट में आकर घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, बिस्तर, जरूरी कागजात सहित दैनिक उपयोग की सभी सामग्री जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित परिवारों के पास अब न तो सिर छुपाने का ठिकाना बचा है और न ही खाने-पीने की आवश्यक वस्तुएं, जिससे उनके सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।


घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, आवास सुविधा एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।


आग लगने के कारणों को लेकर प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से आग लगी होगी। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, ताकि पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता प्रदान की जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, जिससे पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई