ठाकुरगंज/किशनगंज/मो मुर्तुजा
आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बेरिस्टर असद्दुदीन औवेसी अपने चार दिवसीय दौरे के प्रथम दिन ठाकुरगंज पहुंचे और विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। गौरतलब हो की सीमांचल न्याय यात्रा के क्रम ठाकुरगंज पहुंचने पर बुधवार को प्रखंड के धर्मकांटा के निकट क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। ओवैसी के काफिले के ठाकुरगंज पहुंचते ही सैकड़ों की संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से उनका अभिनंदन किया।
सभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन अवैसी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की जनता को इधर-उधर की बातों से गुमराह कर रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आपको गुमराह नहीं होना है, बल्कि हक और इंसाफ की लड़ाई लड़ने वाली एआइएमआइएम के समर्थन में वोट देना है।
ओवैसी ने कहा कि पार्टी हमेशा सीमांचल के लोगों के अधिकारों की आवाज बुलंद करती रही है और आगे भी करती रहेगी।उन्होंने अपने संबोधन में हाल ही में चार विधायकों के पार्टी छोड़कर जाने का जिक्र करते हुए जनता से भावुक अपील की। ओवैसी ने कहा, “हमारे चार विधायक को जिस तरह से आपसे छीना गया है, उसका जवाब जनता जरूर देगी। इस बार जनता डबल समर्थन देगी और एआइएमआइएम को मजबूत बनाएगी। आपके विश्वास और वोट से ही हम सीमांचल के अधूरे विकास को पूरा करेंगे।”
ओवैसी ने कहा कि मजलिस गरीबों, वंचितों और अल्पसंख्यकों की आवाज है। उन्होंने भाजपा और अन्य दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये दल केवल चुनावी मौसम में सीमांचल आते हैं और वोट लेकर चले जाते हैं। लेकिन सीमांचल की गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास कोई नहीं करता।
उन्होंने दावा किया कि एआइएमआइएम सीमांचल के लोगों की उम्मीदों और सपनों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा का ढांचा मजबूत करना, युवाओं को रोजगार से जोड़ना और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता होगी। ओवैसी ने कहा कि सीमांचल के विकास की चाबी आपके वोट में है, इसलिए भाजपा और उनके सहयोगी दलों के झांसे में आए बिना मजलिस को मजबूत कीजिए।
सभा में स्थानीय नेताओं ने भी अपने विचार रखे और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। मंच से ओवैसी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में मजलिस को हर बूथ पर मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि सीमांचल न्याय यात्रा का उद्देश्य यही है कि क्षेत्र की आवाज पटना और दिल्ली तक पहुंचे और यहां के लोगों को उनका हक मिले।
सभा के बाद ओवैसी अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, युवा विंग समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में लोगों में भारी उत्साह देखा गया और सभा स्थल पर देर तक भीड़ बनी रही। रोड शो के दौरान हजारों की संख्या में बाइक सड़कों पर देखा गया। वहीं साथ में प्रदेश अध्यक्ष सह अमौर विधायक अख्तरुल ईमान युवा प्रदेश अध्यक्ष आदील हसन आजाद संभावित विधानसभा प्रत्याशी गुलाम हसनैन के साथ हजारों कार्यकर्ता मौजूद।






























