उच्च माध्यमिक विद्यालय टिकैली में हुआ माॅडल स्कूल का उद्घाटन
डंडखोरा/कटिहार– प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय टिकैली में सरस्वती शिक्षा निकेतन आदर्श विद्यालय का शुभारंभ हुआ।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से विद्यालय का लोकार्पण किया।इसको लेकर विद्यालय में समारोह का आयोजन किया गया।
प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी,प्रमुख शुभम कुमार यादव,पूर्व प्रमुख सह पंसस सूरज साह सहित पंचायत राज प्रतिनिधि,शिक्षाविद, राजनीति व सामाजिक कार्यकर्ता,अभिभावक,विद्यालय के शिक्षक एवं भारी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।विधायक ने अन्य प्रतिनिधियों के साथ विद्यालय के शिलापट का अनावरण तथा कक्ष का फीता काटकर शुभारंभ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि शिक्षा का विकास राजग सरकार की प्राथमिक सूची में रही है।सभी पंचायतों में उच्च माध्यमिक की पढाई एवं प्रखंड में हीं डिग्री की पढाई शुरु होना, इसका जीता -जागता उदाहरण है।उन्होंने कहा कि आज प्रखंड को माॅडल स्कूल भी मिल गया। मुख्यमंत्री ने इसका वर्चुअल लोकार्पण कर दिया है।विधायक श्री गोस्वामी ने माॅडल स्कूल की स्थापना को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य प्रखंड के 9वीं से 12वीं कक्षा के योग्य एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें दक्ष बनाना है,ताकि वे उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सके। विद्यालय में विशेष शिक्षकों, डिजिटल क्लास एवं अन्य आधुनिक माध्यमों से शिक्षा दी जाएगी। इसके लिए विशेष रुप से प्रशिक्षित तीन शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई है।
उन्होंने विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने समय में कुछ नहीं कर पाये।लेकिन अब सवाल पूछते हैं कि डिग्री कालेज खुल तो गया,लेकिन पढायेगा कौन?उन्होंने वैसे फेसबुकिया नेता के लिए कहा कि जिस तरह सभी स्कूलों को भवन और शिक्षक उपलब्ध कराया गया है।जल्द हीं काॅलेज को भी अपना भवन और पर्याप्त शिक्षक होगा।विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास योजनाओं की गति पूर्ववत बरकार रहेगी।पसंटा पुल निर्माण में आई सभी बाधा को दूर कर लिया गया है।
जल्द हीं निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि उनका प्रयास विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना है और एनडीए सरकार भी इसके लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने अभिभावकों को भी विद्यालय की व्यवस्था का आकलन कर प्रधानाध्यापक से चर्चा कर समस्या के समाधान करने की अपील की।प्रधानाध्यापक ने विधायक को विद्यालय में आधारभूत संरचना एवं उपस्करों की कमी को दूर कराने की पहल करने को लेकर लिखित आवेदन दिया।जिस पर विधायक ने समस्या के निदान को लेकर आश्वासन दिया।
समारोह को सूरज साह,राजू मिस्त्री, कामेश्वर यादव ने भी संबोधित किया।जबकि मंच संचालन शिक्षक रुदल कुमार शर्मा ने की।इस अवसर पर 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष आलोक चौहान, शिक्षाविद् प्रदीप कुमार मंडल,बलदेव यादव,गणेश मंडल,रमेश मंडल,मनोज मंडल,अजय मंडल,शिक्षक प्रवीण विश्वास,शशिशेखर,प्रमीत कुमार भारती, मो. रफीक आलम,धीरज कुमार, सत्यम कुमार,शालिनी कुमारी,विभा कुमारी सहित अन्य मौजूद रहे।



























