इच्छुक प्रतिभागी 20 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
कटिहार–युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देशभर में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
राष्ट्रव्यापी इस प्रतियोगिता जिला से भाग लेने के लिए युवा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु 20 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया है।उक्त जानकारी देते हुए जिला युवा पदाधिकारी ने बताया है कि अभियान के प्रभावी संचालन एवं जिले के अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर जिला सलाहकार समिति की बैठक में विस्तार से चर्चा की गई थी।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों,युवा क्लबों एवं अन्य हितधारकों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वाद-विवाद,स्लैम पोएट्री, रील एवं शॉर्ट फिल्म निर्माण, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, स्लोगन लेखन, संगीत एवं रैप तथा पेंटिंग सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
जिसके माध्यम से युवाओं को रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से नशामुक्ति का संदेश समाज तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।सभी विधाओं में जिलास्तर पर चयनित विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे और राज्यस्तर के विजेता राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहीं राष्ट्रस्तर पर चयनित प्रतिभागियों को केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
यह प्रतियोगिता युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।जिला युवा अधिकारी ने जिले के सभी युवाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, युवा क्लबों तथा अन्य इच्छुक प्रतिभागियों से निर्धारित तिथि तक माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा कर इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के राष्ट्रीय जनआंदोलन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। प्रतियोगिता में आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।






















