समयबद्ध व पारदर्शी निष्पादन के दिए निर्देश
कटिहार/प्रतिनिधि
कटिहार शहर के तीनगछिया स्थित विशेष राशन कार्ड निर्माण शिविर का नगर आयुक्त संतोष कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड बनवाने आए किसी भी आवेदक को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवेदनों का निष्पादन पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने विभिन्न काउंटरों का जायजा लिया। दस्तावेजों की जांच की तथा आवेदन प्रक्रिया की बारीकियों को समझा। उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि जिन आवेदनों में किसी प्रकार की त्रुटि या दस्तावेजों की कमी हो, उसकी जानकारी आवेदकों को तत्काल दी जाए ताकि आवश्यक सुधार कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर राशन कार्ड बनाया जा सके।नगर आयुक्त श्री कुमार ने कहा कि राशन कार्ड आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है और इससे जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों को अनावश्यक कागजी प्रक्रिया में न उलझाया जाए तथा प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या कोताही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने शिविर में उपस्थित स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।





















