किशनगंज:जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज के तत्वावधान में गर्ल्स हाई स्कूल, डुमरिया में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में प्रतिनियुक्त पैनल अधिवक्ता श्रीमती सोनी कुमारी ने नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा एवं अच्छे संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अधिकार मित्र राजेश कुमार शर्मा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा कहा कि युवा पीढ़ी यदि नशे से दूर रहेगी तो समाज और देश का भविष्य सुरक्षित एवं उज्ज्वल होगा। उन्होंने सभी से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं अन्य उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना सहयोग देने का संकल्प लिया।


























