जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने पंचायत विकास दिवस पर एकजुट होकर आवाज किया बुलंद

SHARE:

पंचायत विकास दिवस पर ग्रामीणों ने उठाई जलजमाव व सड़क निर्माण की मांग।

 

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज):

प्रखंड क्षेत्र के डाकपोखर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 03, 04 एवं 05 स्थित बेणुगढ़ गांव में वर्षों से बनी जलजमाव और कीचड़ युक्त कच्ची सड़क की समस्या को लेकर पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की। ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया को आवेदन सौंपते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।

 

 

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि गांव के करीब 50 परिवार लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा नाला निर्माण के अभाव में घरों के आसपास हमेशा पानी जमा रहता है। इससे लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है, वहीं गंदगी और मच्छरों के प्रकोप से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

 

 

बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की कि गांव का शीघ्र स्थल निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवश्यक नाला निर्माण, पक्की सड़क निर्माण अन्य बुनियादी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस गंभीर समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

पंचायत विकास दिवस के अवसर पर ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं ने विशेष रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार से जल निकासी और सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ जाएगी।

 

 

 

इस दौरान हेमंती देवी, अमला देवी, आशा देवी, पंचो देवी, बिर्मलाई देवी, श्रीमती देवी, प्रमिला देवी, संतोषी देवी, राध्या देवी, रीना, प्रियंका देवी, सोयता देवी, गायत्री देवी, गीता देवी, संगीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर बेणुगढ़ गांव की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई