बहादुरगंज (किशनगंज)
संथाल समाज के तत्वावधान में सोमवार को किशनगंज जिले के बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत वार्ड संख्या-17 में हूल दिवस महान क्रांतिकारी सिद्धू-कान्हू के बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संथाल समाज के लोग, गुरुजन एवं विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीमा जागरण मंच के जिला मंत्री बुलेन सिंह एवं प्रदेश संगठन मंत्री अरविंद जी ने सिद्धू-कान्हू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। अपने संबोधन में अरविंद जी ने कहा कि सिद्धू-कान्हू ने देश, समाज, संस्कार और संस्कृति की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि हूल दिवस केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों और संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का भी दिन है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, समाज, मातृभूमि और बेटियों की रक्षा तथा भारतीय संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण का संकल्प लें, ताकि समाज पर किसी भी प्रकार की कुसंस्कृति का प्रभाव न पड़े।
कार्यक्रम में संथाल समाज के रामपंथी बाबा छोटू टुडू, नारायण जी, सुनील जी सहित अनेक गुरु भाई-गुरु बहन एवं विभिन्न जिलों से आईं गुरुमाताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। वक्ताओं ने सिद्धू-कान्हू के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के संकल्प के साथ हुआ।


























