3 करोड़ रुपये मुल्य के 1.5 किलो हेरोइन के साथ 03 अन्तर्राज्जीय तस्कर गिरफ्तार
बंगाल से लाकर किशनगंज में बेचने की थी तैयारी
एक जनप्रतिनिधि है गिरोह का मास्टरमाइंड
सागर चंद्रा/किशनगंज
टाउन थाना पुलिस ने 3 करोड़ रुपये मुल्य के 1.5 किलो हेरोइन के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर बंगाल के मालदा से हेरोइन की खेप को बेचने के उद्देश्य से किशनगंज ला रहा था। लेकिन इसकी सूचना एसपी संतोष कुमार को मिल गई थी। एसपी के निर्देश पर टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने शहर के रामपुर चेकपोस्ट के समीप निर्दिष्ट बस को रोका। तलाशी लिए जाने पर दो आरोपियों के पास से हेरोइन की खेप बरामद की गई। जबकि चेकपोस्ट के समीप ही इंतजार कर रहे तस्करों के तीसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा इस्तमा टोला वार्ड नंबर 5 निवासी फिरोज अंसारी (22) पिता मोसिम अंसारी और उसके भाई अमजद अंसारी, उर्फ इस्तमा उर्फ गामा (28) वर्ष, पिता-मोसिम अंसारी के रूप में की गई। जबकि चेक पोस्ट पर साथियों के इंतजार में खड़े आरोपी की पहचान गांव के ही रहीस साह उर्फ सागर साह (23) पिता गफार साह के रूप में की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध टाउन थाने में केस दर्ज कर सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ खुशरू सिराज ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रविवार दोपहर पुलिस ने रामपुर चेकपोस्ट के समीप अपना जाल बिछा दिया था। इसी दौरान बस से दो व्यक्ति एक काला रंग के बैग लेकर उतरा और चेकपोस्ट के पास पूर्व से इंतजार कर रहे अपने साथी को बैग देने लगा। जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। मौके पर मौजूद कार्यपालक दण्डाधिकारी के समक्ष तलाशी लेने पर फिरोज अंसारी के पास से कुल 650 रुपये बरामद किए गए।
जबकि अमजद अंसारी उर्फ गामा के काले रंग के पिट्ठू बैग से हेरोइन की खेप बरामद की गई। बरामद हेरोइन 100 ग्राम के 15 पॉलीथिन में लिपटा था। वहीं रहीस साह उर्फ सागर साह की तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 9,300 रूपये बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि एक जनप्रतिनिधि और उसके साथी के नाम का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि और उसके साथी के कहने पर वे मालदा से हेरोइन लेकर अपने गांव वापस जा रहे थे। हेरोइन सौंपने के बाद उन्हें तय रकम दी जाती। लेकिन बीच रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बहरहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस धंधे में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुट गई है।


























