सागर चंद्रा/किशनगंज
अज्ञात चोरों ने शहर के रूईधासा स्थित बंद घर का ताला तोड़ कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। घटना के वक्त गृहस्वामी शुभोजीत डे पूरे परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में सिलीगुड़ी गये हुए थे। रविवार को घर वापस लौटने के बाद घर में जड़े तालों को टूटा देखकर वे किसी अनिष्ट की आशंका से कांप उठे। कमरे में प्रवेश करते ही उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी भी टूटी पड़ी थी। चोर घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि पीड़ित की सूचना पर टाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। चोरों की शिनाख्त के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घर के सभी सदस्य गत 26 जून को इलाज के सिलसिले में सिलीगुड़ी गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। गृहस्वामी के अनुसार, चोरों ने घर से सोने व चांदी के आभूषण, 3 से 4 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है


























