किशनगंज/सागर चंद्रा
नप अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने सोशल मीडिया में अपमानजनक पोस्ट किये जाने मामले में गहरी नाराज़गी ज़ाहिर की है। घटना से आहत नप अध्यक्ष ने बार-बार भ्रामक प्रचार-प्रसार कर उनकी सम्मानजनक छवि को धूमिल करने मामले को लेकर पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।
नप अध्यक्ष ने बताया कि इम्तियाज नसर और दीप चंद रविदास के द्वारा उनके खिलाफ लगातार साजिश कर प्रताड़ित करने और रंगदारी वसूलने की नीयत से भ्रामक पोस्ट किये जा रहे हैं। इतना ही नहीं आरोपियों के द्वारा सरकार और प्रशासन के विरुद्ध भ्रामक, तथ्यविहीन प्रसार करते हुए सरकार के विरुद्ध जनता को उकसाने का काम भी किया जा रहा है।
विगत दिनों भी इम्तियाज नसर और दीप चंद रविदास ने उनके खिलाफ साज़िश रची और सोशल मीडिया में पोस्ट किया कि “बड़े सफेदपोश नेता दारू पीकर पकड़ा जाता है और सत्ता के प्रभाव के कारण प्रशासन द्वारा मिलीभगत करके उसको छोड़ दिया जाता है”। आरोपियों ने भ्रामक प्रचार के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रसारित करने का भी बयान दिया है।
जबकि फरिंगोला उत्पाद चेक पोस्ट पर गत 24 जून की रात उनके वाहन को रुटीन चेकिंग के लिए रोका गया था। इस दौरान नप अध्यक्ष ने नियमानुसार ब्रेथ एनालाइजर मशीन से अपनी जांच कराई। जांच में सबकुछ सामान्य पाया गया।
जबकि दोनों आरोपियों ने सरकार, प्रशासन और नगर परिषद् के विरुद्ध लोगों को गुमराह करने, प्रतिष्ठा हनन करने और सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से घटना का दुष्प्रचार कर दिया। नप अध्यक्ष ने बताया कि उनके लिखित शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।























