इरफान /पोठिया
किशनगंज के नवपदस्थापित जिलाधिकारी नवीन कुमार बुधवार को पोठिया पहुंचे। जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने से प्रखंड कार्यालय परिसर में कर्मियों के बीच हलचल मच गई। जिलाधिकारी ने कार्यालय में संचालित सरकारी योजनाओं और आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने ब्लॉक परिसर में निर्माणाधीन प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोठिया भी पहुंचे। यहां उन्होंने ओपीडी में मौजूद चिकित्सकों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने और मरीजों के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया। उन्होंने ओपीडी में चिकित्सकों की सूची व समय-सारणी लिखने का भी सख्त निर्देश दिया है। अस्पताल परिसर में गंदगी को देख जिलाधिकारी असंतोष दिखें।
प्रखंड कार्यालय पहुंचे से पहले जिलाधिकारी ने डॉ कलाम कृषि महाविद्यालय अर्राबाड़ी के समीप इंदरपुर बांध और महानंदा नदी के जलस्तर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिकेत कुमार, बीडीओ मो आसिफ, सीओ मोहित राज, थानाध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार, बीपीआरओ मो सादाब अनवर, आरओ मनोज कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


























