बहादुरगंज में छलका बांध पर प्रशासन ने लगाई रोक, चौकीदार तैनात

SHARE:

निसार अहमद/बहादुरगंज

बहादुरगंज प्रखंड के झीगाकाटा पंचायत अंतर्गत स्थित छलका बांध का निरीक्षण करने बुधवार को बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार अपने दलबल के साथ पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवक-युवतियों का जमावड़ा लगा रहता है।

कई बार कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं भी सामने आती हैं, जिससे विवाद और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।


ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत कराया कि यदि समय रहते इस स्थल पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो किसी भी समय कोई बड़ी दुर्घटना या अप्रिय घटना घट सकती है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग भी की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने स्थल का जायजा लिया और तत्काल प्रभाव से छलका बांध पर लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी। साथ ही निगरानी के लिए एक चौकीदार की तैनाती भी कर दी गई है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किया गया है कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल छलका बांध पर जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!