ब्लॉक एवं बिजली कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन
एजेंसी के कार्यों की जांच की मांग
15 दिनों में सुधार नहीं हुआ तो होगा महाआंदोलन
मनसाही /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में बिजली की लचर व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में विभिन्न पंचायत से आए हुए बिजली उपभोक्ता मनसाही ब्लॉक पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। बड़े-बड़े बैनर लिए उपभोक्ताओं ने मनसाही ब्लॉक में धरना प्रदर्शन देने के बाद पैदल मार्च करते हुए मनसाही के बिजली सब स्टेशन भी पहुंचा और गेट के सामने जमकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के जेई के नाम एक सामूहिक आवेदन पत्र तैयार कर बिजली विभाग को सौंपा और 15 दोनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर 15 दिनों के अंदर मनसाही के बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो महाआंदोलन किया जाएगा। जिसकी सारी जवाबदेही बिजली विभाग की होगी।इस दौरान जिला परिषद प्रतिनिधि खुर्शीद आजाद एवं पंचायत समिति सदस्य मिथिलेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न पंचायत में हल्की सी हवा एवं बारिश होने पर बिजली काट ली जाती हैं।
अगर थोड़ी तेज बारिश हो जाती है तो 24 घंटे से लेकर 72 घंटा तक बिजली काट दी जाती है। जिससे बच्चों के पढ़ाई किसानों के पटवन एवं विभिन्न तरह के व्यवसायिक कार्य ठप पड़ जाती हैं। उपभोक्ताओं ने मेंटेनेंस के नाम पर कट रहे बिजली को लेकर भी कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि घटिया तार पोल एवं सीमेंट कंक्रीट से पोल को जमाया नहीं गया है। जिससे आए दिन हल्की बारिश में भी पोल गिर जाता है।
आक्रोशित उपभोक्ताओं ने एजेंसी के माध्यम से बिजली के हुए कार्यों की गुणवत्ता जांच की मांग करते हुए सरकार एवं प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की भी मांग की है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी के माध्यम से घटिया कार्य किए जाने के कारण से ही बार-बार बिजली की कटने की समस्या आती रहती है।
जो गंभीर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है और इसकी न्यायिक जांच की जरूरत है। प्रदर्शन के दौरान जिला परिषद प्रतिनिधि खुर्शीद आजाद, मिथिलेश सिंह, रतन यादव, मो नसीम, मो. जाकिर, भोपाल पासवान, मो अजमल, मो. अजहर, मो. कलाम, मो. तस्लीमुद्दीन, महेंद्र उरांव आदि सैकड़ो ग्रामीण भी साथ रहे ।


























