ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को ठाकुरगंज प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मियों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
योगाभ्यास के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसडीपीओ-2, अंचल पदाधिकारी (सीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ), प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ), राजस्व पदाधिकारी (आरओ) सहित प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय ठाकुरगंज के सभी अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन योग दिवस की शुभकामनाओं के साथ हुआ। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।




























