किशनगंज में 206 प्रशिक्षु सिपाहियों की पासिंग आउट परेड, पूर्ण पुलिस बल में हुए शामिल

SHARE:

प्रतिनिधि/किशनगंज

जिले के खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्ला खान स्टेडियम परिसर में रविवार को पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया गया। परेड के बाद 206 प्रशिक्षु रंगरूटों को पूर्ण पुलिस का दर्जा प्रदान किया गया। अब इन जवानों की विभिन्न जिलों में तैनाती की जाएगी, जहां वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाएंगे।


216 दिनों तक चले प्रशिक्षण के दौरान जिला पुलिस बल और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल के प्रशिक्षकों ने जवानों को बीएनएस, बीएनएसएस, बीएसए, कंप्यूटर, सोशल मीडिया, यातायात प्रबंधन, हथियार संचालन, ड्रिल, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, अग्निशमन, प्राथमिक उपचार, दंगा नियंत्रण, पीटी, परेड तथा अनुशासन एवं व्यवहार संबंधी प्रशिक्षण दिया।


आईजी और एसपी ने किया संबोधित


समारोह को संबोधित करते हुए पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी विवेकानंद ने कहा कि सभी 206 प्रशिक्षु अब बिहार पुलिस का अभिन्न अंग बन गए हैं और यह उनके जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम है।
एसपी संतोष कुमार ने कहा कि आज की पुलिस पहले से अधिक आधुनिक और जिम्मेदार है। उन्होंने प्रशिक्षुओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में आना गौरव की बात है तथा विभागीय नियमों का पालन करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।


श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले हुए सम्मानित


पासिंग आउट परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रथम परेड कमांडर अर्जुन कुमार राम, द्वितीय कमांडर पवन कुमार और तृतीय कमांडर दीपक कुमार को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों को भी पुरस्कृत किया गया।
परिजनों में दिखा उत्साह


समारोह के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अपने परिवार के सदस्यों को पुलिस बल का हिस्सा बनते देख परिजनों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई