वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, विधायक कमरुल होदा ने किया सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास

SHARE:

किशनगंज /राज कुमार

पोठिया प्रखंड क्षेत्र के पनासी पंचायत के लोगों के लिए रविवार का दिन विकास की नई उम्मीद लेकर आया। लंबे समय से बेहतर सड़क सुविधा की राह देख रहे ग्रामीणों की मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए किशनगंज विधायक कमरुल होदा ने MMGSY अवशेष योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।

यह सड़क हाड़ी पोखर मुस्लिम टोला से काशीबाड़ी मंदिर चौक होते हुए अधिकारी टोला तक बनाई जाएगी। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। गांव के लोगों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी।


शिलान्यास के दौरान विधायक कमरुल होदा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। सड़क किसी भी इलाके के विकास की सबसे मजबूत कड़ी होती है। जहां बेहतर सड़क होती है, वहां शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

विधायक ने आगे कहा, मेरा प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से पीछे न रहे। जनता ने जो विश्वास और जिम्मेदारी दी है, उसे पूरा करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सड़क, पुल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है।

स्थानीय लोगो ने बताया कि इस सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी। बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खराब रास्ते के कारण बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में कठिनाई होती थी। सड़क निर्माण होने से अब इन समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से किसानों को विशेष लाभ मिलेगा। कृषि उत्पाद को मंडी तक पहुंचाने में समय की बचत होगी। वाहन आसानी से गांव तक पहुंच सकेंगे। व्यापार और छोटे कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आसपास के कई टोले और गांवों के बीच संपर्क मजबूत होगा।

इस दौरान पनासी पंचायत के मुखिया नवेद आलम उर्फ रॉकी ने भी सड़क निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे पंचायत के विकास को नई गति मिलेगी और आम लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।

मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आबिद हुसैन, सरपंच गुलाम खालिद उर्फ बबलू, समिति सदस्य मो. शाहनवाज आलम, चेयरमैन मोहम्मद आसिफ, कांग्रेस नेता सफीलउल रहमान, मतिउर्रहमान मतेल, इशहाक डीलर, वार्ड सदस्य जहांगीर, शमीम अख्तर भुट्टो सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, स्थानीय युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की शुरुआत पर खुशी व्यक्त करते हुए विधायक कमरुल होदा का आभार जताया और कहा कि सड़क बनने के बाद इलाके की तस्वीर बदलेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई