मोहर्रम पर्व को लेकर पहाड़कट्टा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

SHARE:

पोठिया/किशनगंज/राज कुमार

मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पहाड़कट्टा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार ने की। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर अपने विचार रखे।
बैठक में मोहर्रम जुलूस के निर्धारित रूट, लाइसेंस, सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने सभी अखाड़ा कमेटियों से नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।


थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम आस्था और परंपरा का पर्व है। इसे आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के माहौल में मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालें और बिना अनुमति किसी तरह का बदलाव नहीं करें।


पनासी पंचायत के मुखिया नावेद रॉकी ने कहा कि क्षेत्र में हमेशा से सभी समुदाय के लोग मिलजुल कर पर्व मनाते आए हैं। इस बार भी प्रशासन के दिशा निर्देश का पालन करते हुए मोहर्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।


सरपंच गुलाम खालिद बबलू ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है। पंचायत स्तर पर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।


पहाड़कट्टा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि शमीम अख्तर ने कहा कि मोहर्रम को लेकर प्रशासन की तैयारी सराहनीय है। सभी लोग मिलकर सहयोग करेंगे और क्षेत्र में भाईचारे का संदेश देंगे।
वहीं भाजपा नेता राहुल यादव ने कहा कि पर्व कोई भी हो, उसका उद्देश्य समाज में एकता और सदभाव को बढ़ाना है। सभी समुदाय के लोग मिलकर प्रशासन का सहयोग करें।


बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों ने भी अपने सुझाव दिए और शांतिपूर्ण माहौल में मोहर्रम संपन्न कराने का भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार नें कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी रहेगी और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई