कटिहार – पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने 16 एवं 17 जून को विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की व्यापक व्यवस्था की है। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार दो दिनों में कुल 31 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। जिससे लाखों अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापस लौटने में सहूलियत मिलेगी।
कटिहार एवं सीमांचल क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए यह व्यवस्था विशेष रूप से राहतभरी साबित होगी।जानकारी के अनुसार 16 जून को पाटलिपुत्र से किशनगंज तथा अररिया के लिए चलने वाली परीक्षा स्पेशल ट्रेनें बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार होकर संचालित होंगी। इसके अलावा पाटलिपुत्र से नवगछिया, पटना से नरकटियागंज तथा पटना से भभुआ के लिए भी विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों से सीमांचल, कोसी, चंपारण और मगध क्षेत्र के अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।
वहीं 17 जून को रेलवे द्वारा बड़े पैमाने पर 26 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इनमें पटना-गया, बक्सर – दानापुर, बक्सर-पटना, किऊल-गया, गया-किऊल, बख्तियारपुर-राजगीर, राजगीर -बख्तियारपुर, बेतिया -हाजीपुर, बेतिया-पाटलिपुत्र, दौरम मधेपुरा -हाजीपुर, मधुबनी -सोनपुर, मधुबनी-सिवान, मुजफ्फरपुर- पाटलिपुत्र, समस्तीपुर-सिवान, समस्तीपुर -हाजीपुर, पूर्णिया कोर्ट -पाटलिपुत्र, सहरसा -हाजीपुर, सुपौल-देवघर, औरंगाबाद-गया, हाजीपुर-छपरा, सोनपुर – मुजफ्फरपुर तथा नवगछिया -पाटलिपुत्र के बीच विशेष ट्रेनों का परिचालन शामिल है।
कटिहार रेलमंडल सहित सीमांचल से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किशनगंज, अररिया, पूर्णिया कोर्ट और नवगछिया जैसे सीमांचल क्षेत्र के स्टेशनों को भी इस विशेष योजना में शामिल किया गया है। इससे कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिले के हजारों परीक्षार्थियों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें सामान्य ट्रेनों की भीड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का लाभ उठाकर समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचें। रेल की यह पहल से अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। वही स्टेशन पर परिक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दिया गया है।


























