सड़क किनारे मक्का का ढेर बना मौत का कारण,पूर्व मुखिया साधना देवी की दर्दनाक मौत

SHARE:

कोढ़ा /कटिहार-राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे रखा गया मक्का का ढेर शनिवार की सुबह एक परिवार के लिए काल बन गया। खगड़िया जिले के महेशखुट चौक से पहले एनएच-31 पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कोढ़ा प्रखंड के पवई पंचायत की पूर्व मुखिया साधना देवी की मौत हो गई।

जबकि उनके पति मुखिया प्रतिनिधि जनार्दन यादव, पुत्र रितेश कुमार एवं पुत्री रीमा यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज पूर्णिया में चल रहा है। जानकारी के अनुसार पूर्व मुखिया साधना देवी अपने परिवार के साथ राजगीर घूमने गई थीं। शनिवार की सुबह वे राजगीर से पटना होते हुए अपने घर लौट रही थीं।

इसी दौरान महेशखुट के समीप विपरीत दिशा से आ रहा एक ट्रक सड़क किनारे रखे मक्का के ढेर के कारण चालक का संतुलन बिगड़ने से अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। गंभीर रूप से घायल साधना देवी को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही पवई पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

लोगों ने इसे क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया। महेशखुट की यह घटना एक बार फिर बता गई कि सड़क किनारे रखा गया मक्का सिर्फ अनाज का ढेर नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं का अघोषित जाल बन चुका है।

यदि समय रहते प्रशासन और संबंधित विभाग नहीं चेते, तो न जाने कितने और परिवार ऐसे ही सड़क पर बिखर जाएंगे। पूर्व मुखिया साधना देवी की मौत केवल एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की उस चुप्पी का दर्दनाक परिणाम है, जिसकी कीमत एक परिवार ने अपनी सबसे प्रिय सदस्य को खोकर चुकाई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई