ईओ, मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, निगम पार्षद सहित कर्मी को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
कटिहार – नगर निगम कटिहार की ओर से स्वच्छ भारत मिशन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को लेकर विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, निगम महापौर ऊषा देवी अग्रवाल, उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार, मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद व अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घर-घर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। प्रशिक्षण के दौरान सभी को “घर-घर 4 डिब्बा, स्वच्छता है सबका निश्चय” अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। इस मौके पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि कचरे का सही तरीके से पृथक्करण कर पर्यावरण संरक्षण एवं शहर की स्वच्छता को और बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में चार प्रकार के डिब्बों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया जिसमें हरा डिब्बा में गीला एवं जैविक कचरा जैसे सब्जियों और फलों के छिलके,बचा हुआ भोजन आदि । नीला डिब्बा में सूखा एवं पुनर्चक्रण योग्य कचरा जैसे कागज, प्लास्टिक, धातु एवं कांच। लाल डिब्बा में स्वच्छता संबंधी कचरा जैसे सैनिटरी पैड, डायपर, बैंडेज आदि और काला डिब्बा में विशेष एवं खतरनाक कचरा जैसे पुरानी दवाइयाँ, बैटरियां, बल्ब, ई-वेस्ट एवं रासायनिक सामग्री डाला जाएगा । नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशिक्षण के माध्यम से सभी संबंधित कर्मियों को नई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने नागरिकों से अपील किया कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में चार डिब्बों की व्यवस्था अपनाकर कचरे को अलग-अलग रखें और स्वच्छ कटिहार के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि कचरे का सही पृथक्करण ही स्वच्छ और सुंदर शहर की पहचान है। इस दौरान मुख्य पार्षद लाखो यादव, बबीता कश्यप, गुड्डी देवी, धीरज कुमार सिंह, अमन कुमार, ईओ अरविंद पासवान, स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार, नुर अली खान, कैलाश चौधरी, कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह, सीटी मैनेजर ज्योति कृष्णमूर्ति, जेई धर्मेंद्र कुमार, अमित कुमार, आशीष कुमार, प्रधान सहायक परवेज सलीम, अभिषेक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट:सत्येंदु सुमन
























