मनिहारी /कटिहार – मनिहारी थाना क्षेत्र के धमक टोला स्थित 12 नंबर रेलवे गेट के समीप शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान होरेन साह (55) पिता स्वर्गीय गरीब साह निवासी फार्म टोला, वार्ड संख्या-6 मनिहारी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस एवं मनिहारी रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव की पहचान की गई।
बताया जाता है कि मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। जिसके बाद शव को घर ले जाया गया। शव के घर पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक अपने पीछे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद फार्म टोला एवं आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

























