कोचाधामन (किशनगंज) सरफराज आलम
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भगाल पंचायत के वार्ड संख्या 09 में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते छह लोगों के घर इसकी चपेट में आ गए और घरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग को अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका।
हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान पीड़ित परिवारों का कपड़ा, बर्तन, अनाज समेत दैनिक उपयोग की कई जरूरी सामग्री जलकर नष्ट हो गई। आगलगी की इस घटना में जाहिद आलम, माजिद आलम, राशिद आलम, अख्तर आलम, नफीस आलम और शाहरोज आलम का घर पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि डॉ. मुन्ना मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि आग पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के अनुसार शीघ्र राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द सहायता पहुंचाने की मांग की है।



























