विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार की प्रातः गस्ती के दौरान।
टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने ग्राम मटियारी स्थित कंनकई नदी के समीप से एक अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, टेढ़ागाछ थाना की पुलिस टीम ने बुधवार की सुबह गश्ती पर निकली हुई थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कंनकई नदी से अवैध रूप से बालू उठाव कर ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम मटियारी के पास छापेमारी की, जहां एक ट्रैक्टर पर अवैध बालू लदा पाया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आई।
सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध कारोबार को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जब्त ट्रैक्टर के संबंध में अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध बालू खनन से नदियों के अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न हो रहा है। प्रशासन की लगातार कार्रवाई से ऐसे अवैध कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद बढ़ी है।



























