नाबालिग जोड़ा को पुलिस ने किया बरामद
बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
कुरसेला /कटिहार – नाबालिग प्रेमी जोड़े की जबरन शादी कराने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर गठित टीम ने दोनों नाबालिग प्रेमी युगल को सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी दशरथ महतो को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गंगा पार के एक गांव में नाबालिग जोड़े की जबरन शादी कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वीडियो में ग्रामीणों द्वारा किशोर का आधा सिर मुंडवाकर शादी कराए जाने की बात सामने आई थी। मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर – टु रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिगों को बरामद कर थाना लाया। पुलिस ने मामले में चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।
बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसडीपीओ रंजन कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाल विवाह कराना और कानून हाथ में लेना गंभीर अपराध है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























