चलती ट्रेन से गिरने वाली महिला की जान बचाकर आरपीएफ जवान बना मसीहा
ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत कटिहार स्टेशन पर बड़ा हादसा टला
कटिहार – कटिहार रेलवे स्टेशन पर अहले सुबह एक बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया। जब आरपीएफ जवान की सतर्कता और बहादुरी से एक महिला यात्री की जान बच गई। जानकारी के अनुसार आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कटिहार में तैनात कांस्टेबल अमित कुमार स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे।
इसी दौरान कटिहार स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर लगभग सुबह 4:45 बजे ट्रेन संख्या 15701 सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस कटिहार स्टेशन से खुल रही थी। तभी एक महिला यात्री चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास करने लगी।अचानक उक्त महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म तथा चलती ट्रेन के बीच फंस गई।घटना को देखते ही कांस्टेबल अमित कुमार ने बिना समय गंवाए तेजी से दौड़ लगाई और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जवान की तत्परता के कारण महिला की जान बच गई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। महिला यात्री ने बताया कि वह गलती से सिलीगुड़ी इंटरसिटी ट्रेन में चढ़ गई थी। जबकि उसे मालदा पैसेंजर ट्रेन से यात्रा करनी थी।
आरपीएफ जवान अमित द्वारा ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत दिखाई गई बहादुरी, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की स्टेशन पर मौजूद यात्रियों एवं रेल अधिकारियों ने जमकर सराहना की। आरपीएफ केवल रेल की संपत्ति की सुरक्षा ही नहीं करती है बल्कि यात्रियों के जीवन की रक्षा के लिए भी हर समय 24 घंटे तत्पर रहती है।


























