कार्य संस्कृति समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश, 14 मई के मॉक ड्रिल की तैयारी तेज करने का निर्देश
संवाददाता/किशनगंज
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ कार्य संस्कृति से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदनों एवं लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में कर्मियों की कर्म पुस्तिका के संधारण, संचिकाओं के निर्गमन एवं प्रस्तुतीकरण, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के अनुपालन, नीलाम पत्रवाद, माननीय न्यायालय वाद, आपदा राहत, एसी एवं डीसी विपत्र, लोक शिकायत, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सूचना का अधिकार, लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग, सीपी ग्राम, सीएम डैशबोर्ड, सीएम जनता दरबार, सेवांत लाभ, अंतर-विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र सहित अन्य लंबित प्रतिवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में आगामी सप्ताह में आयोजित होने वाली सांसद की दिशा बैठक को लेकर भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक प्रतिवेदन ससमय उपलब्ध कराने तथा सभी तैयारियां पूर्ण रखने का निर्देश दिया।
बैठक में बिहार सरकार के सात निश्चय–3 अंतर्गत सातवें निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आमजनमानस से प्राप्त आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा वेयरहाउस का बिजली बिल अत्यधिक आने का मामला उठाया गया, जिस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभाग को इसकी जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही सांख्यिकी कार्यालय के बिजली बिल की भी जांच कराने को कहा गया।
बैठक में दिनांक 14 मई को आयोजित होने वाले ब्लैक आउट एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में समाहरणालय, बस स्टैंड एवं गांधी चौक — इन तीन स्थलों पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉक ड्रिल शाम 07:00 बजे से 07:15 बजे तक आयोजित होगी। जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि के दौरान इनवर्टर, जेनरेटर अथवा किसी भी प्रकार की प्रकाश व्यवस्था का उपयोग नहीं किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि तीनों स्थलों के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। मॉक ड्रिल के दौरान बम विस्फोट, हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने को लेकर अभ्यास कराया जाएगा। संबंधित विभागों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रत्येक स्थल पर वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि तीनों स्थलों पर कौन-कौन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी तैनात रहेंगे तथा उनकी क्या जिम्मेदारियां होंगी, इसे लेकर पूर्व में ही बैठक कर समुचित ब्रीफिंग सुनिश्चित कर ली जाए। साथ ही कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु माइकिंग कराने तथा विशेष रूप से गांधी चौक क्षेत्र में अधिक फोकस करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने मॉक ड्रिल के सफल संचालन हेतु पूर्वाभ्यास के रूप में तीन से चार बार अभ्यास कराने का भी निर्देश दिया।
बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, वरीय उपसमाहर्ता सुनीता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।




























