किशनगंज/ विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 बैल मवेशियों के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पशुओं के प्रति क्रूरता एवं तस्करी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार टेढ़ागाछ थाना में पदस्थापित सअनि सरोज कुमार सिंह को 11 मई 2026 की रात गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति नेपाल की ओर से मवेशियों को मारपीट एवं क्रूरतापूर्वक बांधकर रेतुआ नदी के रास्ते फुलवड़िया की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस टीम के साथ सशस्त्र बल एवं चौकीदारों को लेकर छापेमारी की गई। रात करीब 9:25 बजे रेतुआ नदी क्षेत्र में पुलिस ने दो व्यक्तियों को कई मवेशियों के साथ संदिग्ध अवस्था में जाते देखा। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मो० असफाक आलम, निवासी बलीगढ़ वार्ड संख्या-08 थाना सिकटी जिला अररिया तथा सहखूब आलम, निवासी बेलबाड़ी वार्ड संख्या-09 थाना कोदोबाड़ी जिला किशनगंज के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान दोनों आरोपित मवेशियों से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में कुल 12 बैल मवेशियों को जब्त कर लिया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर ई-साक्ष्य ऐप पर भी अपलोड किया गया है।
थानाध्यक्ष मो० इजहार आलम ने बताया कि मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर मारपीट करते हुए असुरक्षित तरीके से ले जाना पशु क्रूरता की श्रेणी में आता है। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम 1960 एवं बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 155/26 दर्ज कर अनुसंधान एसआई रितेश कुमार को सौंपा गया है।



























