खनियाबाद पंचायत सरकार भवन में 19 मई को लगेगा सहयोग शिविर, तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खनियाबाद पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आगामी 19 मई मंगलवार को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शिविर के सफल आयोजन एवं आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार द्वारा पंचायत सरकार भवन खनियाबाद में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय कर्मियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें तथा आवश्यक दस्तावेज एवं कर्मियों की उपलब्धता बनाए रखें।

बैठक में शिविर के दौरान राजस्व, शिक्षा, श्रम, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों के निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को शिविर की जानकारी देने एवं जनभागीदारी बढ़ाने पर भी बल दिया गया।

इस अवसर पर बीपीआरओ विवेक भारती, श्रम परिवर्तन पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, पंचायत सचिव बालकृष्ण पासवान एवं मुखिया प्रतिनिधि शहजाद आलम सहित अन्य कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में सभी अधिकारियों ने सहयोग शिविर को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!