किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ में सोमवार को अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अस्पताल परिसर में आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों से सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से निपटने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार सहित अस्पताल के सभी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के प्रशिक्षकों ने अस्पताल परिसर में आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपातकालीन स्थिति में मरीजों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, गैस सिलेंडर एवं विद्युत उपकरणों से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव तथा प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से अग्निशमन यंत्र चलाने का अभ्यास भी कराया गया, ताकि आपात स्थिति में बिना घबराए तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम से स्वास्थ्य कर्मियों में जागरूकता बढ़ती है और किसी भी आपदा की स्थिति में बेहतर ढंग से कार्य करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने सभी कर्मियों से प्रशिक्षण में बताए गए सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था एवं आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष चर्चा भी की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों में उत्साह देखा गया।



























