टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की 12वीं वाहिनी अंतर्गत ‘ई’ समवाय बीओपी फतेहपुर के जवानों ने सोमवार को गश्ती अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से नेपाल ले जाए जा रहे यूरिया खाद को जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 150/03 के समीप फतेहपुर क्षेत्र में की गई।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी जवान नियमित गश्ती ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सीमा से लगभग 50 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर दो संदिग्ध साइकिल सवारों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से भारतीय जन उर्वरक परियोजना का “भारत यूरिया” खाद बरामद हुआ।
जब्त सामग्री में 45-45 किलोग्राम की कुल चार बोरी यूरिया खाद शामिल है, जिसका कुल वजन लगभग 180 किलोग्राम बताया गया है। साथ ही दो साइकिल भी जब्त की गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के झापा जिला निवासी सुरेंद्र महतो (28 वर्ष) एवं मनोज महतो (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
दोनों गौरिगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों खाद को भारत से नेपाल ले जाने की तैयारी में थे। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना एवं सतर्क गश्ती अभियान के आधार पर की गई।
अभियान में एसआई/जीडी द्विजेंद्र कलिता, एचसी/जीडी शिवाकांत कुमार, सीटी/जीडी राकेश कुमार, सीटी/जीडी झुनेलाल धुर्वे तथा सीटी/जीडी नील कमल बर्मन शामिल थे। वहीं खुफिया सूचना संकलन में एचसी/जीडी राकेश चौधरी एवं सीटी/जीडी दुर्गेश प्रताप पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।जब्त खाद, साइकिल एवं गिरफ्तार आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई हेतु टेढ़ागाछ कृषि विभाग को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


























