किशनगंज:चिल्हनियां पंचायत में सड़क व आरसीसी पुल निर्माण की मांग तेज, बरसात से बढ़ी ग्रामीणों की चिंता

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित मुस्लिम टोला जाने वाली सड़क एवं गोरिया नदी पर आरसीसी पुल निर्माण की मांग वर्षों से लंबित पड़ी हुई है। स्थानीय ग्रामीण लगातार शासन एवं प्रशासन से पक्की सड़क तथा स्थायी पुल निर्माण कराने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

बरसात का मौसम नजदीक आते ही ग्रामीणों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गोरिया नदी पर पुल नहीं रहने के कारण बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद लोगों को प्रखंड मुख्यालय, बाजार, विद्यालय, अस्पताल एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार मरीजों, बुजुर्गों एवं स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है, जिससे हमेशा किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जाता है। कई बार आवेदन एवं मांग पत्र भी सौंपे गए, लेकिन आश्वासन के अलावा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से यह समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों ने कहा कि मुस्लिम टोला तक जाने वाली सड़क कच्ची एवं जर्जर है। बरसात में कीचड़ एवं जलजमाव के कारण छोटे बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का मानना है कि गोरिया नदी पर आरसीसी पुल एवं पक्की सड़क निर्माण होने से हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।कनिय अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन को वरीय अधिकारियों के पास भेज दिया गया है तथा जल्द ही इस दिशा में पहल की जाएगी। ग्रामीणों में राशिद आलम, नईंम आलम, मुख्तार आलम, अफरोज आलम, केयूम आलम, फिरोज आलम, बादल आलम, लतीफ उद्दीन, महमो उद्दीन, मुस्लिम आलम एवं मजीबुल आलम सहित दर्जनों लोगों ने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई