कटिहार में गूंजा ‘व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट’संविधान जागरूकता के लिए युवाओं ने लिया संकल्प

SHARE:

कटिहार – राष्ट्रीय यूथ कांग्रेस के ‘व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट’ के तहत सीमांचल के चार जिलों कटिहार,पूर्णिया, अररिया और किशनगंज में एक साथ एक दिवसीय ‘बुनियादी कैंप’ का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कटिहार स्थित राजेंद्र आश्रम कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कैंप में बड़ी संख्या में संविधान लीडरों और संविधान साथियों ने भाग लेकर संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के बीच संविधान के प्रति जागरूकता फैलाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा। कैंप के दौरान प्रतिभागियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि ‘व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि युवाओं को जोड़ने वाली एक विचारधारा है।

सफेद टी-शर्ट शांति, सादगी और समानता का प्रतीक है, जो समाज में भाईचारा और लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने का संदेश देता है। कैंप में सीमांचल के चारों जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं, सामाजिक चुनौतियों और उनसे जुड़े संवैधानिक पहलुओं पर खुलकर चर्चा की। युवाओं ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।

संविधान लीडरों और संविधान साथियों ने शपथ ली कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को संविधान की मूल भावना से जोड़ेंगे और समाज में आपसी सौहार्द व भाईचारे को बढ़ावा देंगे। कार्यक्रम के दौरान आगामी महीनों के लिए विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की गई।

इसके तहत ब्लॉक, पंचायत और वार्ड स्तर पर ‘संविधान लीडर’ की टीम गठित की जाएगी, ताकि युवाओं और आम लोगों के बीच संवैधानिक जागरूकता को और अधिक मजबूत किया जा सके। मौके पर दिल्ली से पर्यवेक्षक रवि पंडित, हिमांशु कुमार सहित युवा कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई