बरारी /कटिहार – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 45 वें काउंटडाउन के तहत गुरुबाजार स्थित मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के सौजन्य से शिव प्राण मैटी मिशन ऑफ इण्डिया की गुरुनानक कन्या उच्च विद्यालय बरारी परिसर में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 800 छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन गुरुनानक कन्या उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. हासिम अली सिद्दीकी, गुरुनानक कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक भगत सिंह,प्लस टु जागेश्वर उच्च विद्यालय बरारी के प्रधानाध्यापक सौरभ प्रसून, मिशन के सचिव डॉ. सुभाष कुमार विद्यार्थी, शिक्षिका रीना कुमारी एवं रूपांजली कुमारी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
योग प्रशिक्षक डॉ. सुधांशु कुमार एवं डॉ. पुष्पराज कुमार ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म आसन, कटि आसन, त्रिकोण आसन, ताड़ासन, सूर्य नमस्कार, वज्रासन, स्कंध आसन, शशकासन सहित अनुलोम -विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम एवं ज्ञान मुद्रा का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से बिना किसी आर्थिक खर्च के शरीर को स्वस्थ एवं मानसिक रूप से मजबूत रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्रालय एवं हैबिल्ड द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल कर 14 दिनों का निःशुल्क ऑनलाइन योग प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील भी की गई। इसके बाद अतिथियों को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
दूसरे सत्र में संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए योग विषय पर कार्यशाला आयोजित हुई। इस दौरान डॉ. सुभाष कुमार विद्यार्थी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर में रक्त संचार बेहतर होता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। उन्होंने संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली पर भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम को लेकर छात्र – छात्राओं एवं ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया ।




























