मनिहारी के हर पंचायत में लगेगा सहयोग शिविर,लोगों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

SHARE:

मनिहारी /कटिहार – अनुमंडल प्रशासन की ओर से आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर बड़ी पहल की गई है। गुरुवार को प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह ने की। बैठक में बीडीओ सनत कुमार,राजस्व अधिकारी रामसागर पासवान सहित प्रखंड के सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रखंड क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से आम लोगों की शिकायतों और आवेदनों का पंचायत स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, स्वच्छता, कृषि, स्वास्थ्य एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह ने कहा कि मनिहारी प्रखंड के सभी पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से सहयोग शिविर लगाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आगामी 19 तारीख, मंगलवार को प्रथम सहयोग शिविर बघार पंचायत में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक दूसरे मंगलवार को अलग-अलग पंचायतों में यह शिविर लगाया जाएगा, जहां सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी आमजन को यदि किसी प्रकार की समस्या हो, तो वे शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा आवेदन दे सकते हैं।

एसडीओ ने कहा कि यह सहयोग शिविर लगातार दिसंबर माह तक विभिन्न पंचायतों में आयोजित किया जाएगा, ताकि लोगों को प्रखंड कार्यालय या अन्य सरकारी दफ्तरों का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़े। इससे ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी और पंचायत स्तर पर ही समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।

वहीं बीडीओ सनत कुमार ने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविर से ग्रामीणों को काफी लाभ मिलेगा। राजस्व अधिकारी रामसागर पासवान ने कहा कि शिविर में भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों के निष्पादन को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी,ताकि लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है, ताकि शिविर पूरी तरह प्रभावी और सफल हो सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई