संदिग्ध परिस्थितियों में युवक लापता, हत्या की आशंका पर जीरो एफआईआर दर्ज

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत झाला पंचायत के बलुआ जागीर वार्ड संख्या 6 निवासी 19 वर्षीय युवक गुलाम अशरफ के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने और हत्या की आशंका को लेकर टेढ़ागाछ थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है तथा नामजद आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है।

थानाध्यक्ष मोहम्मद इज़हार आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित पिता अशफाक आलम ने आवेदन देकर अपने पुत्र की साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई है। आवेदन के आधार पर मोहम्मद फ़ज़ल, मोहम्मद दिलशाद, रेहान राय, अकिल राय, बेचन राय, रिज़वान राय, हारून राय, मिनत खातून एवं आशिफ के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुलाम अशरफ अपने गांव के ही निवासी रेहान राय के साथ मजदूरी करने के लिए गाजियाबाद स्थित एक फैक्ट्री में गया था। वहां कुछ महीनों तक कार्य करने के बाद अचानक उसके एक साथी द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि गुलाम अशरफ फैक्ट्री से भाग गया है। इसके बाद परिजनों ने उससे संपर्क करने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश के तहत हत्या की आशंका व्यक्त की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टेढ़ागाछ पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा विभिन्न पहलुओं पर गहन छानबीन की जा रही है।


पुलिस का कहना है कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई