विद्यायक तौसीफ आलम ने कटाव प्रभावित क्षेत्र का लिया जायजा,कटावरोधी कार्य शीघ्र शुरू कराने का दिया आश्वासन

SHARE:

मटियारी पंचायत के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का विधायक तौसीफ आलम ने किया दौरा

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मटियारी पंचायत के बाढ़ प्रभावित इलाकों का रविवार को एआइएमआइएम बहादुरगंज विधायक तौसीफ आलम ने व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मालीटोला, सुंदरबाड़ी सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया और स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। विधायक अपने समर्थकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे, जहां लोगों ने उन्हें कटाव और संभावित बाढ़ को लेकर अपनी चिंताओं से अवगत कराया।


दौरे के दौरान विधायक तौसीफ आलम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर वर्ष बाढ़ के समय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस बार समय रहते आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थानों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू किया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

मौके पर उपस्थित मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी, पूर्व जिला पार्षद श्यामलाल राम, जुनेद आलम, वार्ड सदस्य केयूम आलम समेत दर्जनों स्थानीय लोगों ने विधायक से जल्द से जल्द कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि हर साल बाढ़ और कटाव के कारण उनकी जमीन और घरों को नुकसान पहुंचता है, जिससे उनका जीवन प्रभावित होता है।


विधायक ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और प्रशासन से लगातार संपर्क में रहकर कार्यों की निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है।


इस दौरान स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी कि समय रहते प्रशासन सक्रिय होगा और कटावरोधी कार्य शुरू कर उन्हें संभावित बाढ़ की समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई