दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे से गांव में तनाव
बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड अंतर्गत सुधानी थाना क्षेत्र के रहमानपुर गांव में हुए डबल मर्डर मामले में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस लगातार कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मृतक खुशनवाज के दादा मोहम्मद करियादार ने आरोप लगाया कि उनका पोता पूरी तरह निर्दोष था।
उन्होंने कहा कि साजिद उर्फ सुकरूदीन और उसके परिजनों ने बेवजह खुशनवाज का गला दबाकर और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से साजिद उर्फ सुकरूदीन के पिता और मृतक की पत्नी ने इसे साजिश करार दिया। उनका कहना है कि साजिद ने केवल एक थप्पड़ मारा था। जिससे खुशनवाज बेहोश होकर गिर पड़ा और अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने साजिद को उठा लिया और बिजली के पोल से बांधकर पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद से ही सुधानी थाना पुलिस गांव में कैंप कर रही है और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























