बिहार के राज्यपाल के किशनगंज आगमन को लेकर सुरक्षा एवं अन्य तैयारियों पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा समीक्षा बैठक,अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश

SHARE:

किशनगंज/किशनगंज

 राज्यपाल सैयद अता हसनैन के किशनगंज परिभ्रमण कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी द्वारा आयोजित ब्रीफिंग में माननीय राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि समाहरणालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक तथा कनकई सभागार में सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें किशनगंज एवं अररिया जिले के सिविल सोसाइटी के सदस्य भाग लेंगे। कनकई सभागार में बैठने की समुचित व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी ने तैनात सभी कर्मियों को कार्केड मूवमेंट (Cortege Movement) के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देश दिया कि इसमें किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मार्ग में किसी भी प्रकार का अवरोध, पशु अथवा अन्य अवांछित गतिविधि नहीं होनी चाहिए तथा सभी कर्मी पूर्ण सतर्कता एवं अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहें। हवाई अड्डा परिसर में रनवे पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा गया कि किसी भी स्थिति में कोई व्यक्ति या पशु रनवे के समीप न पहुंचे, अन्यथा विमान की लैंडिंग में बाधा उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा ब्रीफिंग के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर, कार्केड मूवमेंट, वार्निंग कार, पायलट कार, एस्कॉर्ट कार आदि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों को समुचित रूप से ब्रीफ करने का निर्देश दिया तथा सभी पुलिस पदाधिकारियों को प्रातः 06:30 बजे तक अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने एवं 07:00 बजे उपस्थिति की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी संवेदनशील (क्रिटिकल) स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्यपाल श्री हसनैन आर्मी के सेवानिवृत्त जनरल हैं, अतः प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। कार्केड में शामिल सभी वाहनों के चालक पुलिस विभाग के होंगे तथा उनका आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण (Medical Test) कराया जाएगा। सभी चालक निर्धारित वर्दी में रहेंगे। मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) को सभी वाहनों की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

इसके अतिरिक्त, मार्ग में किसी भी प्रकार का अवरोध या पशुओं की उपस्थिति न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। क्रिटिकल स्थलों पर यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने, ड्रॉप गेट के संचालन (खोलने एवं बंद करने) की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने तथा पार्किंग स्थलों को पूर्व से चिन्हित कर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समाहरणालय परिसर में अनावश्यक व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः रोक रहेगी तथा आमजन की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। प्रवेश द्वार पर सघन जांच के उपरांत ही अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अंत में, पुलिस अधीक्षक  ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को गंभीरता, सजगता एवं पूर्ण अनुशासन के साथ प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने तथा अपने अधीनस्थों को भी इसके प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।

बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी -सह – जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!