कटिहार का युवक दिल्ली में गिरफ्तार: आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने का आरोप,मोबाइल से मिले अहम सबूत

SHARE:


कटिहार — जिले के मनिहारी प्रखंड अंतर्गत नवाबगंज बालू टोला निवासी मोहम्मद सोहेल को कथित आतंकी गिरोह से संलिप्तता के आधार पर दिल्ली में गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 10 अप्रैल की रात दिल्ली पुलिस, आईबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर पूछताछ की थी।


प्रारंभिक पूछताछ के बाद 11 अप्रैल की सुबह सोहेल को छोड़ दिया गया था, लेकिन जांच टीम उसके पिता मुमताज, बहन और सोहेल का मोबाइल फोन जब्त कर अपने साथ ले गई थी। इसी मोबाइल की जांच में कई अहम सुराग मिलने के बाद 14 अप्रैल को सोहेल को दिल्ली बुलाया गया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया सोहेल पर सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने, युवाओं को उकसाने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। यह भी सामने आया है कि वह अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर रिमोट कंट्रोल से संचालित आईईडी बम बनाने की कोशिश कर रहा था। उसके पास से बाल बैरिंग और खिलौना कार जैसे संभावित विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।


सूत्रों के मुताबिक, आरोपी दिल्ली में संभावित धमाके की साजिश रच रहा था और उसने लाल किला एवं इंडिया गेट जैसे महत्वपूर्ण स्थलों की रेकी भी की थी।


वहीं, सोहेल के परिवार को उसके इन गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं थी। उसकी मां आंगुरी खातून ने बताया कि सोहेल की उम्र करीब 20-21 वर्ष है और उसने वर्ष 2021 में स्थानीय हाई स्कूल से मैट्रिक पास किया था।

वह पेशे से प्लंबर का काम करता था। परिवार के अनुसार, वह कभी दिल्ली नहीं गया था, हालांकि एक बार वह घर से भागकर बेंगलुरु गया था, जहां बीमार होने के कारण 10-12 दिनों में ही वापस लौट आया था।


सोहेल के परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसियां इसके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई