पागल कुत्ते का आतंक:बारसोई में दो दर्जन से अधिक लोग घायल,अस्पताल में लगा एंटी रेबीज टीका

SHARE:

बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड क्षेत्र में रविवार को एक पागल कुत्ते के आतंक से अफरा-तफरी मच गई। कुत्ते ने अलग-अलग गांवों में घूम-घूमकर दो दर्जन से अधिक महिला,पुरुष एवं बच्चों को काटकर जख्मी कर दिया। सभी घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल बारसोई में किया गया।

जहां उन्हें एंटी रेबीज के टीके लगाए गए।घायलों में कशिपारा के मो. शहादत (22 ), जौहरपुर के मो. सादिक (60), हाफिज (10), बघवा के साहब (9 ), जौहरपुर की इस्मत आरा (22 ), बालूपाड़ा की मसीफा खातून (45) समेत कई अन्य शामिल हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे से ही कुत्ता उग्र अवस्था में विभिन्न गांवों में घूमते हुए लोगों पर हमला कर रहा था, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। कई लोग अचानक हुए हमले से संभल नहीं पाए और घायल हो गए।

अनुमंडल अस्पताल बारसोई के चिकित्सक डॉ. राजीव नयन प्रसाद ने बताया कि सभी जख्मी लोगों का प्राथमिक उपचार कर एंटी रेबीज टीका लगाया गया है। उन्होंने कहा कि कुत्ता काटने के बाद पांच डोज का टीकाकरण बेहद जरूरी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही जानलेवा हो सकती है। सभी मरीजों को निर्धारित समय पर अस्पताल आकर पूरा टीकाकरण कराने की सलाह दी गई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई