रणविजय /पौआखाली:
ठाकुरगंज प्रखंड के भौलमारा पंचायत अंतर्गत रानीगंज दस्तूर गांव में रविवार से भक्ति और श्रद्धा का आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है. यहां अगले 84 घंटे का श्री श्री 108 अखंड हरिनाम संकीर्तन अनुष्ठान का शुभारंभ भव्य एवं आकर्षक कलश यात्रा के साथ किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं और कन्याओं ने हिस्सा लिया. रविवार सुबह गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य रथयात्रा के साथ कलश यात्रा निकाली गई.
पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने अपने सिर पर कलश धारण कर पूरे गांव का भ्रमण किया. इस दौरान ‘जय श्री राम’ और ‘हरे कृष्णा’ के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा. क्षेत्र के पबना स्थित बूढ़ी कनकई नदी से कलशों में पवित्र जल भरने के बाद उन्हें अनुष्ठान स्थल (मंडप) पर विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया. मंडप को भव्य रूप से सजाकर उसमें भगवान की आकर्षक और मनमोहक प्रतिमाओं को स्थापित किया गया है.
आयोजन समिति के सदस्य सुजय कुमार सिन्हा, रोहित सिन्हा, रवि सिन्हा, जयतोष, संजीत, पिंटू, गोपाल, सुकुमार, सनोज, उदय, टिंकू, अमित, नवल, विक्की ने बताया कि यह अनुष्ठान लगातार 84 घंटों तक चलेगा. इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए कीर्तन मंडलियों द्वारा अष्टयाम संकीर्तन किया जाएगा.
बिना रुके 84 घंटों तक भगवान के नाम का जाप होता रहेगा. श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था रहेगी. इस आयोजन में रानीगंज दस्तूर, खानाबाड़ी, नयागंज, चांद पटवा, सरायकुड़ी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजन मन की शांति एवम समाज में सुख-शांति एवम समृद्धि की कामना हेतु आवश्यक है. हरिनाम के जाप से तथा उनके श्रवण से मन में श्रद्धा भक्ति का भाव प्रकट होता है, जीवन में कष्ट, क्लेश और सभी प्रकार के विकारों तथा नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलती हैं.



























