किशनगंज/प्रतिनिधि
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिगलबैंक थाना पुलिस ने शुक्रवार की शाम को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 25.56 ग्राम ब्राउन शुगर व 6655 रुपए नेपाली करेंसी बरामद किया है।नेपाली नंबर प्लेट लगी एक बाइक भी जप्त किया गया है।
पकड़ा गया आरोपी पूनम लिम्बु नेपाल के झापा जिले के शिवसताक्षी का रहने वाला है। किशनगंज पुलिस के द्वारा शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया की शुक्रवार को दिगलबैंक थाना क्षेत्र में विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 25.56 ग्राम मादक पदार्थ ब्राउन शुगर, 6655 नेपाली करेंसी तथा नेपाली नंबर प्लेट लगी एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की गई।जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पकड़ा गया आरोपी भारत-नेपाल सीमा के रास्ते अवैध ड्रग्स की सप्लाई करता था। सीमावर्ती इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
दिगलबैंक थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके पीछे काम कर रहे गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।इसी कड़ी में उक्त कार्रवाई की गई।




























