ऑयल इंडिया पंप स्टेशन संख्या-09 पर लेवल-3 ऑफ साइट मॉकड्रिल का आयोजन

SHARE:

कटिहार – जिले के कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गेड़ाबाड़ी फलका रोड स्थित ऑयल इंडिया पंप स्टेशन संख्या-09 डुमर में एक दिवसीय लेवल-3 ऑफ साइट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला पदाधिकारी कटिहार के निर्देश पर आयोजित किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित बचाव एवं सुरक्षा उपायों का अभ्यास करना था।

मॉकड्रिल का आयोजन नाहरकटिया-बरौनी पाइपलाइन के गेड़ाबाड़ी पिलर के समीप किया गया। जहां संभावित दुर्घटनाओं को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान यह दर्शाया गया कि यदि क्रूड ऑयल पाइपलाइन में किसी कारणवश तेल का रिसाव होकर आग लग जाए तो किस प्रकार त्वरित कार्रवाई कर स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक आपदा प्रबंधक पदाधिकारी रितिका भारती मौजूद रहीं। इसके अलावा कटिहार अग्निशमन पदाधिकारी गौतम कुमार,अग्निशमन पदाधिकारी साधना भारती, कोढ़ा अंचलाधिकारी संजीव कुमार,मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह,ऑयल इंडिया पंप स्टेशन संख्या-08 के जनरल मैनेजर निर्मल दत्त, एचपीसीएल की सुमित्रा जायसवाल, कोढ़ा थाना के अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई विवेक कुमार सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि,पत्रकार एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

ऑयल इंडिया की ओर से डिप्टी चीफ इंजीनियर अलाकेश डेका, एसी सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर सीके. मंचेखून एवं टेलीकॉम इंजीनियर भारत सिंह रावत ने मॉकड्रिल की विस्तृत जानकारी दी। अभ्यास के दौरान पाइपलाइन में तेल रिसाव और आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसमें आग पर काबू पाने के लिए अग्निशामक यंत्र,पानी एवं फोम का उपयोग किया गया।

साथ ही एक मजदूर के घायल होने की स्थिति का भी अभ्यास किया गया, जिसमें उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। लगभग एक घंटे तक चले इस मॉकड्रिल में फायर ब्रिगेड, प्राथमिक उपचार, बचाव कार्य एवं विभिन्न आपदा प्रबंधन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मॉकड्रिल कार्यक्रमों का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

रिपोर्ट: सत्येंदु सुमन

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई